Site icon Unnat Kesri

रत्नावली आयोजन को भव्य बनाने के लिए कुवि कसी कमर: VC SN Sachdeva

उन्नत केसरी | कुरुक्षेत्र, 26 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (Kurukshetra University) के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा (Vice Chancellor Somnath Sachdeva) ने बुधवार को रत्नावली राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समारोह के आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से बैठक कर तैयारियों का लिया जायजा। गौरतलब है कि कुवि के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा रत्नावली राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समारोह का आयोजन 28 से 31 अक्टूबर 2022 तक किया जा रहा है। रत्नावली समारोह का उद्घाटन हरियाणा के महामहिम राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय करेंगे। इस अवसर पर लोकसभा सांसद कुरुक्षेत्र नायब सिंह सैनी, थानेसर विधायक सुभाष सुधा तथा विख्यात फिल्म निर्माता एवं निर्देशक सतीश कौशिक एवं कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की विशिष्ट एवं गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने बताया:

रत्नावली के भव्य आयोजन के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि रत्नावली (Ratnavali Haryana) समारोह हरियाणा की लोक संस्कृति का एक ऐसा समागम है, जिसमें विशुद्ध रूप से हरियाणवी संस्कृति को केंद्रित कर हरियाणा की लोक परम्पराओं से जुड़ी विधाओं को मंच दिया गया है। प्रोफेसर सचदेवा ने बताया कि हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण के लिए रत्नावली एक कार्यशाला है, जिसमें हमारी आने वाली पीढ़िया सांस्कृतिक मूल्यों की वाहक बनती हैं। कुलपति सचदेवा ने सभी संबंधित अधिकारियों को रत्नावली राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समारोह के भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दी।

Exit mobile version