हथिनि कुंड बैराज से यमुना नदी में 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो अगले 30 घंटे में सोनीपत पहुँचने की संभावना है। दिल्ली अलर्ट मोड पर।
सोनीपत, 01 सितंबर। हथिनि कुंड बैराज से रविवार को यमुना नदी में लगातार सात घंटे तक कुल 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह पानी अगले 30 घंटे के भीतर सोनीपत पहुँचने की संभावना है।
जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए कहा कि यमुना किनारे के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों, उनके पशुधन और संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
और पढ़ें:
उपायुक्त ने बताया कि नदी किनारे स्थित क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सचेत किया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को यमुना बांध के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र का गहन निरीक्षण करें और लापरवाही न बरतें।
उन्होंने कहा कि गांवों के सरपंचों और नंबरदारों के सहयोग से स्कूलों, चौपालों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों व पशुधन को सुरक्षित ठहराया जा सके। साथ ही सभी विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों को हालात पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली पर असर:
विशेषज्ञों का मानना है कि यमुना में छोड़े गए इस पानी का असर दिल्ली तक भी देखने को मिल सकता है। यदि अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता बनी रही तो राजधानी के निचले इलाकों, खासकर मजनू का टीला, कश्मीरी गेट, यमुना बाजार और कालिंदी कुंज जैसे क्षेत्र जलमग्न हो सकते हैं। दिल्ली प्रशासन ने भी इस स्थिति पर नजर रखी हुई है और बाढ़ नियंत्रण विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।