टोहाना, 5 नवम्बर 2025
उन्नत केसरी
टोहाना स्थित श्री योग दिव्य मंदिर में पावन कार्तिक मास यज्ञ एवं श्री योग योगेश्वर मूलखराज जी भगवान निर्वाण उत्सव पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण कार्तिक मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक भक्तों ने श्री योग योगेश्वर महाप्रभु रामलाल जी भगवान, योग योगेश्वर मूलखराज जी भगवान और योग योगेश्वर देविदयाल जी महाराज के पवित्र नामों की अष्टोत्तरी माला के साथ हवन अनुष्ठान किया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इस मासिक साधना की पूर्णाहुति हुई, जिसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक और योगाभ्यासी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रधान योगाचार्य स्वामी अमित देव जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह साधना न केवल आत्मशुद्धि का माध्यम है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण की भावना को भी प्रकट करती है।

इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे योगाचार्य कार्तिकेय जी (स्वामी अमित देव जी महाराज के अनुज), योगाचार्य राजेंद्र जी बत्रा, प्रधान श्री सुभाष जी सिंघला, उपप्रधान श्री विनोद कुमार भारती जी, श्री सुरेश जी मेहता, नगर परिषद प्रधान श्री नरेश जी बंसल (टोहाना) और श्री संजय रेवरी जी। सभी ने श्री योग योगेश्वर मूलखराज जी भगवान के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की और उनके उपदेशों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान साधना, गुरु आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा और श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव बताया।
