श्री योग अभ्यास आश्रम, हांसी का 31वाँ वार्षिक उत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न

हांसी। मुल्लान नगर स्थित श्री योग अभ्यास आश्रम में रविवार को 31वाँ वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर योग, यज्ञ, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, योग साधकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः वैदिक हवन यज्ञ से हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात आयोजित सत्संग एवं योग उपदेश कार्यक्रम में योग, सेवा, साधना, संस्कार एवं अध्यात्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में हांसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद भ्याणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी अमित देव जी महाराज ने की। इस अवसर पर श्री योग अभ्यास ट्रस्ट (SYAAT) के योगाचार्य एवं पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

स्वामी अमित देव जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि श्री योग अभ्यास आश्रम अपने पूज्य गुरुदेवों की दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए योग, आध्यात्मिक जागरण एवं मानव सेवा के कार्यों में निरंतर समर्पित है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगाचार्य संतोष कुमार एवं समस्त श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में श्रद्धालुओं ने संत महात्माओं के आशीर्वचन ग्रहण किए तथा आश्रम प्रबंधन ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।