- दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट, 137 वर्ष पुरानी योगेश्वर परंपरा का परिचय और 106वें जन्मोत्सव का भव्य निमंत्रण
नई दिल्ली, 14 फरवरी 2026 — योग, संयम और सेवा की 137 वर्ष पुरानी आध्यात्मिक परंपरा को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से श्री योग अभ्यास आश्रम ट्रस्ट के मार्गदर्शक स्वामी अमित देव एवं ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश चंद गोयल ने दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा उन्हें सम्मानस्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने योगेश्वर परंपरा की 137 वर्ष पुरानी गुरु-शिष्य आध्यात्मिक परंपरा का विस्तृत परिचय कराया, जो योग साधना, आत्मसंयम, चरित्र निर्माण और निःस्वार्थ मानव सेवा जैसे उच्च जीवन मूल्यों पर आधारित है। ट्रस्ट द्वारा समाज में, विशेषकर युवाओं के बीच, योग, ध्यान एवं नैतिक जीवन मूल्यों के प्रसार हेतु संचालित विभिन्न सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
स्वामी अमित देव जी ने इस अवसर पर योग योगेश्वर देवीदयाल जी महाराज के 106वें शुभ जन्मोत्सव में माननीय मुख्यमंत्री को सादर आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि देवीदयाल जी महाराज ने मानवता के कल्याण, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक सद्भाव के महान उद्देश्य के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। यह पावन जन्मोत्सव उनकी शिक्षाओं, त्यागमयी साधना और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समर्पित रहेगा।
और पढ़ें:
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने संस्था द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए आगामी जन्मोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा योग और नैतिक मूल्यों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
बैठक का समापन समाज में स्वास्थ्य, सदाचार, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने के साझा संकल्प के साथ हुआ, जिसमें आध्यात्मिक संस्थाओं और शासन के सहयोग से एक मूल्यनिष्ठ और संतुलित समाज निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

