सपा प्रमुख Mulayam Singh Yadav को अंतिम श्रद्धांजलि

11 अक्टूबर, इटावा (यूपी)। समाजवादी पार्टी के संरक्षक और वेटरन राजनीतिज्ञ मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद 3 बजे महोत्सव ग्राउंड समाधि स्थल पर किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनके निधन के बाद उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित मुलायम सिंह के पैतृक गांव सैफई लाया गया है। अंतिम दर्शन के लिए सैफई पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलायम सिंह जी के पार्थिव शरीर को लेजाने वाले रथ को 5 क्विंटल से भी अधिक फूलों से सजाया गया है। सपा अध्यक्ष के अंतिम दर्शनों के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, देर रात पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ को संभालना अत्यंत ही मुश्किल हो गया था। उमड़ी भीड़ की बेसब्री देख स्वयं प्रोफेसर राम गोपाल यादव, शिवपाल यादव, अखिलेश यादव और धर्मेंद्र यादव को हाथ जोड़कर ढांढस बांधना पड़ा। आज़म खां सहित कई गणमान्य व्यक्ति देर रात ही पहुंच गए थे।

नेताजी के अंतिम संस्कार के लिए डेढ़ क्विंटल चंदन की लकड़ियों का प्रबंध किया गया है। कन्नौज के फूलों से सपा अध्यक्ष को श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव, सपा के सांसद राम गोपाल यादव, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और अन्य नेताओं और आम लोगों ने उत्तर प्रदेश के सैफई में दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव को दी अंतिम श्रद्धांजलि।